एक दिन में 6 पॉजिटिव मिले, इनमें से 5 मरकज से लौटे; बाकी की तलाश में रात भर पुलिस की छापेमारी

पानीपत. हरियाणा में गुरुवार को 6 नए मामले आने से पुलिस और हेल्थ डिपार्टमेंट ज्यादा सतर्क हो गया है। गुरुवार रात पुलिस ने कई जगह छापे मारकर निजामुद्दीन मरकज से लौटे लोगों की तलाश की।पलवल, रोहतक और अम्बाला में छह संक्रमितों में से पांच जमाती हैं। इनमें से भी चार विदेशी हैं। इनके पासपोर्ट जब्त कर केस दर्ज किया गयाा है। दूसरी तरफ, लॉकडाउन के चलते प्रदेश की सप्लाई लाइन पर असर पड़ा। कुछ जगह जरूरी सामान की किल्लत है। सब्जियां महंगी हो गई हैं। इसकी वजह मुनाफाखोरी है। सब्जी की कीमतें 30 फीसदी तक बढ़ी हैं। 


अम्बाला: दरगाह में रह रहे थे 15 से 20 लोग, जमात से नहीं मिला कोई कनेक्शन
गुरुवार रात पुलिस ने एक दरगाह में छापेमारी की। यहां 15 से 20 लोग रह रहे थे। इनसे पूछताछ के दौरान ये साफ हो गया कि इनमें से कोई भी निजामुद्दीन मरकज नहीं गया था। 


जींद: मरकज से आए चार लोग अस्पताल में भर्ती
यहां मरकज से आए लोगों को लेकर पड़ोसियों ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दी। इसके बाद चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।राशन की दुकानों पर सप्लाई चेन टूटने का असर देखा जा रहा है। राशन डिपो पर भीड़ बढ़ी तो पुलिस ने मोर्चा संभाला। 


रोहतक: मस्जिदों पर सीआईडी की नजर 
रोहतक में निजामुद्दीन से मरकज से लौटे लोगों पर नजर रखने के लिए सीआईडी को लगाया गया है। मस्जिदों पर भी नजर रखी जा रही है। लॉकडाउन  पर पुलिस का सख्त रवैया है। शेल्टर होम में आटे की कम और चावल की डिमांड  ज्यादा है। प्रशासन जरूरी इंतजाम कर रहा है। 


मरकज से लौटे 107 विदेशियों के खिलाफ मामला दर्ज, पासपोर्ट जब्त


हरियाणा में निजामुद्दीन से मरकज से लौटे लोगों ने कोरोनावायरस के मरीजों की संख्या में इजाफा कर दिया। इनमें विदेशी भी शामिल हैं। ये अलग-अलग जिलों की मस्जिदों या फिर घरों में मौजूद थे। सीएम मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि हरियाणा में विदेश से 107 लोग आए हुए थे। इनके पासपोर्ट जब्त करके, इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। निजामुद्दीन से करीब 1277 लोग हरियाणा लौटे हैं। इनकी पहचान की गई है। 725 को क्वारैंटाइन कर दिया गया है। राज्य सरकार ने गुटखा-पान के बाद अब च्यूइंगम की बिक्री पर भी रोक लगा दी है।


हरियाणा में अभी तक 35 केस पॉजिटिव


हरियाणा में अभी तक 35 केस पॉजिटिव मिले हैं। सबसे ज्यादा केस गुरुग्राम में 10 पॉजिटिव हैं। फरीदाबाद में 6, पानीपत में 4, पलवल में 4, सिरसा में 3, अम्बाला में 3, पंचकूला में 2, हिसार, रोहतक और सोनीपत में 1-1 केस मिला था।